मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार रेड्डी, ईशान मलिंगा और जयदेव उनादकट की शानदार गेंदबाजी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को मात दी है। हैदराबाद ने मुकाबले में 65 रनों से जीत हासिल की है। इसी के साथ उन्होंने आईपीएल 2026 में पहली जीत दर्ज की है। हैदराबाद के लिए पहले बल्लेबाजी करते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने अर्धशतक लगाया। एसआरएच के लिए तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने सबसे अधिक 3 विकेट हासिल किए और इसी के दम पर ईशान किशन की कप्तानी वाली हैदराबाद ने मुकाबले को अपने नाम किया। इसी के साथ 2016 की विजेता ने कोलकाता के दबदबे को समाप्त करने की कोशिश की है। इन दोनों टीमों के बीच इस मैच से पहले 30 मैच खेले गए थे और कोलकाता ने 20 में, जबकि हैदराबाद ने मात्र 10 मैच जीते थे। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड (46) व अभिषेक शर्मा (48) की शानदार शुरुआत के बाद हेनरिक क्लासेन (52) के शानदार अर्धशतक के बल पर सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता को जीत के लिए 227 रनों का लक्ष्य दिया था।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हैदराबाद में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 226 रन बनाए। कोलकाता के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी ने चार व वैभव अरोड़ा ने दो विकेट चटकाए। कोलकाता के गेंदबाजों द्वारा आठ विकेट चटकाए जाने पर भी उसकी कमजोर गेंदबाजी दूसरे मैच में भी साफ दिखी। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के रिलीज होने और हर्षित राणा व मथिशा पथिराना के चोटिल होने का कोलकाता टीम पर काफी असर दिख रहा है। मुंबई इंडियंस के बाद हैदराबाद भी कोलकाता के विरुद्ध 200 से अधिक का स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। इस मुकाबले में केकेआर के स्पिनरों ने भी निराश किया। न तो सुनील नरेन चले और न वरुण चक्रवर्ती। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विरुद्ध सत्र के उद्घाटन मैच में फ्लॉप रहे ट्रेविस हेड (46) व अभिषेक शर्मा (48) ने इस बार चमक बिखेरते हुए टीम को शानदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए मात्र 34 गेंदों में 82 रन जोड़े। हेड ने पहले मैच में 11 तो अभिषेक ने सात रन बनाए थे। उन्होंने मात्र 4.1 ओवर में टीम के लिए पहले 50 रन पूरे किए। इस जोड़ी को कार्तिक त्यागी ने अपने पहले ओवर में हेड को कैमरन ग्रीन के हाथों लपकवा कर तोड़ा। हेड की 21 गेंदों की शानदार पारी में छह चौके व तीन छक्के शामिल रहे। अभिषेक ने भी इतनी ही गेंदों की अपनी पारी में चार चौके व चार छक्के जड़े। उसके बाद क्लासेन ने मोर्चा संभाला और 35 गेंदों पर 52 रन बनाए, जिनमें चार चौके व एक छक्का शामिल रहा। हैदराबाद के 227 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता की टीम 16 ओवरों में 161 रनों पर सिमट गई। उनके लिए युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने कमाल की बैटिंग की और 29 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली। उनके अलावा उपकप्तान रिंकू सिंह ने 35 रन बनाए। इन दोनों के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सका और इसी वजह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। हैदराबाद के लिए जयदेव उनादकट ने 3, ईशान मलिंगा ने 2 और नीतीश कुमार रेड्डी ने 2 विकेट हासिल की।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा खबरें



