मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार रात रनों का ऐसा तूफान उठा कि अंग्रेज गेंदबाज उसमें उड़ गए। क्या जोफ्रा आर्चर और क्या सैम करन, जो सामने आया भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसी कुटाई की कि वह छुपने की जगह ढूंढते दिखे। संजू सैमसन ने तीसरे ओवर (15 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे) में मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाया और तूफानी पारी खेली। संजू सैमसन (89) के अलावा ईशान किशन (39), शिवम दुबे (43) और तिलक वर्मा (21) भी सिक्स हिटिंग मशीन बन गए। ऐसे में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 250 से ज्यादा स्कोर बनाया। मुकाबले में कुल 499 रन बने। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड टीम अंत तक लड़ी। जैकब बेथेल के शतक की बदौलत इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 246 रन बना दिए। टीम इंडिया ने 7 रन से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया। 8 मार्च को फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। बल्लेबाजी का आमंत्रण पाकर उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और अभिषेक शर्मा (9) एक बार फिर नाकाम रहे। अगले ही ओवर में संजू सैमसन को एक जीवनदान भी मिला। कप्तान हैरी ब्रूक ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। इसके बाद तो संजू ने इंग्लैंड के सभी गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया। ईशान किशन ने भी उनका भरपूर साथ दिया। दोनों ने 45 गेंदों पर 97 रन जोड़े। ईशान ने 18 गेंदों पर 39 रन ठोके। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 2 सिक्स लगाए। शतक की ओर बढ़ रहे संजू सैमसन के रूप में भारत को तीसरा झटका लगा। पिछले मैच के हीरो संजू ने 42 गेंदों पर 89 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए। इसके साथ ही संजू ने सिक्स का खास रिकॉर्ड भी बनाया। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (11) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। बल्लेबाजी में प्रमोट होकर 4 नंबर पर उतरे शिवम दुबे ने अपने होम ग्रांउड पर छक्कों की लाइन लगा दी। दुबे ने अपनी पारी में 4 सिक्स और 1 चौका लगाया। हालांकि, हार्दिक पांड्या के साथ तालमेल में कमी के कारण वह रन आउट हुए। शिवम दुबे ने 25 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली। 7 नंबर पर उतरे तिलक वर्मा ने फिनिशर का रोल बखूबी निभाया और 3 छक्कों की मदद से 7 गेंदों पर 21 रन कूट दिए। हार्दिक पांड्या (27) भी रन आउट हुए। अक्षर पटेल 2 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स और आदिल रशीद के खाते में 2-2 विकेट आए। वहीं जोफ्रा आर्चर को 1 सफलता मिली। जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 61 रन लुटा दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। सैम करन ने 53 रन खर्च किए।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 254 रन चेज करने उतरी इंग्लैंड को दूसरे ही ओवर में पहला झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने पहली गेंद पर ही फिल सॉल्ट (5) का शिकार किया। अक्षर पटेल ने यह कैच को लपका। 5वां ओवर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जसप्रीत बुमराह को थमाया। बुमराह ने पहली गेंद पर ही कप्तान हैरी ब्रूक (7) को अपने जाल में फंसा लिया। इस कैच को भी अक्षर पटेल ने लिया। पावरप्ले के आखिरी ओवर में 3 छक्के खाने के बाद वरुण चक्रवर्ती ने जोस बटलर को बोल्ड किया। खराब फॉर्म से जूझ रहे बटलर ने 17 गेंदों का सामना किया और 25 रन बनाए। 8वें ओवर में अक्षर पटेल ने टॉम बेंटन को बोल्ड किया। बेंटन खतरनाक होते जा रहे थे और उन्होंने 5 गेंदों पर 17 रन ठोक दिए थे। 10 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 119 रन थे। अगली 60 गेंदों पर टीम को जीत के लिए 135 रनों की जरूरत थी। इसके बाद जैकब बेथेल को विल जैक्स का साथ मिला और दोनों ने भारतीय गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। इस जोड़ ने मिलकर बड़े शॉट लगाए और जरूरी रन रेट को कम किया। इस दौरान पूरे वानखेड़े स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया था। मैच किसी भी करवट बदल सकता था। इसके बाद आया मैच बदलने वाला कैच। अक्षर पटेल ने बाउंड्री पर सूझबूझ दिखाई और शिवम दुबे के साथ मिलकर विल जैक्स का यादगार कैच लिया। विल ने 20 गेंदों पर 35 रन की पारी खेली। अर्शदीप सिंह के खाते में यह विकेट आया। इसके साथ ही सिंह ने विल जैक्स और जैकब बेथेल के बीच 39 गेंदों पर 77 रन की साझेदारी को तोड़ा। आखिरी 5 ओवर में इंग्लैंड को 69 रनों की दरकार थी। जैकब बेथेल और सैम करन मैदान पर थे। 16वां ओवर जसप्रीत बुमराह को थमाया गया और इसमें 8 रन बने। अर्शदीप सिंह ने 17वें ओवर में 16 रन दे दिए। 18वें ओवर में बुमराह ने 6 रन दिए। आखिरी 12 गेंदों पर इंग्लैंड को जीत के लिए 39 रनों की जरूरत थी। 19वें ओवर में हार्दिक ने 9 रन दिए। अब आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 30 रनों की दरकार थी। हालांकि, टीम 22 रन ही बना सकी और भारत ने 7 रन से यह मैच जीता। इंग्लैंड की ओर से जैकब बेथेल ने शतक लगाया। उन्होंने 48 गेंदों पर 105 रन ठोक दिए। हालांकि, अंंत में वह रन आउट हुए। यह टी20 विश्व कप में बेस्ट स्कोर है। भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने 2 विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल के खाते में 1-1 विकेट आया।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



