मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक शर्मा (55) के बाद हार्दिक पांड्या (50*) के अर्धशतक की बदौलत भारतीय टीम ने सुपर-8 के अपने दूसरे मैच में जिम्बाब्वे को 72 रन से हराया। इस जीत के साथ ही भारत ने सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा है। अब 1 मार्च को भारत का सामना वेस्टइंडीज से होगा। टीम इंडिया इस मैच को जीतते ही अगले दौर में चली जाएगी। इस मुकाबले की बात करें तो जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 256 रन बनाए। यह टी20 विश्व कप में भारत का बेस्ट स्कोर है। साथ ही दूसरा सबसे ज्यादा स्कोर है। जवाब में जिम्बाब्वे टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 184 रन बना सकी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम का संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने 22 गेंदों पर 48 रन ठोक दिए। संजू (15 बॉल 23 रन) के आउट होने के बाद ईशान किशन ने आते ही हवाई फायर शुरू किए। उन्होंने 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से 24 गेंदों पर 38 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव डगआउट से ही सेट होकर आए। उनके और अभिषेक शर्मा के बीच तीसरे विकेट के लिए 13 गेंदों पर 23 रन की साझेदारी हुई। टी20 विश्व कप में पहला अर्धशतक लगाने के बाद अभिषेक कैच आउट हुए। उन्होंने 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 30 गेंदों पर 55 रन की पारी खेली। 15वें ओवर में कप्तान सूर्यकुमार यादव कैच आउट हुए। उन्होंने 13 गेंदों पर शानदार 33 रन बनाए। इसके बाद हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया। हार्दिक ने 23 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए। वहीं तिलक ने 16 गेंदों पर 44* रन की पारी खेली।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 257 रन चेज करने उतरी जिम्बाब्वे को ओपनर ब्रायन बेनेट और तदिवानाशे मरुमनी ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर 38 गेंदों पर 44 रन जोड़े। पावरप्ले समाप्त होने के बाद गेंदबाजी करने आए उपकप्तान अक्षर पटेल ने इस पार्टनरशिप को तोड़ा। दूसरी ही गेंद पर उन्होंने तदिवानाशे मरुमनी (20) का शिकार किया। 3 नंबर पर उतरे डायोन मायर्स (6) को वरुण ने वापस भेज दिया। 2 विकेट गिरने के बाद ब्रायन बेनेट ने कप्तान सिकंदर रजा के साथ 41 गेंदों पर 72 रन जोड़े। 17वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने जिम्बाब्वे को 2 झटके दिए। ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने सिकंदर रजा (31) को और चौथी गेंद पर रयान बर्ल (0) को आउट किया। इसके बाद टोनी मुनयोंगा ने 11 और ताशिंगा मुसेकिवा ने 7 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट शतक से चूक गए। उन्होंने 59 गेंदों पर 97 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 6 छक्के लगाए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट चटकाए। वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे के खाते में 1-1 विकेट आया।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



