केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिले आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, कृषि एवं किसान कल्याण के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

0
114
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिले आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, कृषि एवं किसान कल्याण के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने आज नई दिल्ली स्थित कृषि मंत्रालय में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट की। इस दौरान राज्य में कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों, योजनाओं की प्रगति तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश के किसानों की आवश्यकताओं, फसल विविधीकरण, मूल्य संवर्धन, सिंचाई, प्रसंस्करण तथा कृषि-आधारित उद्योगों के विस्तार से जुड़े विषय केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य की प्राथमिकताओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि आंध्र प्रदेश की कृषि संबंधी सभी प्रमुख समस्याओं का समाधान त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राज्य सरकार के साथ समन्वय बढ़ाकर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुलाकात के दौरान नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू तथा ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री श्री चंद्रशेखर पेम्मासानी भी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में आंध्र प्रदेश की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। आंध्र प्रदेश ने सबसे पहले ‘विकसित भारत जी राम जी योजना में बजट आवंटित किया, जो एक दूरदर्शी और सकारात्मक पहल है तथा कृषि और ग्रामीण विकास के प्रति उसकी गंभीर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय बजट में नारियल संवर्धन योजना को विशेष प्राथमिकता दी गई है, साथ ही कोको, काजू एवं अन्य बागवानी फसलों के समग्र विकास के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणाएँ की गई हैं। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्रालय, आंध्र प्रदेश सरकार के साथ मिलकर इन क्षेत्रों में उत्पादन, प्रसंस्करण, निर्यात संवर्धन और किसानों की आय वृद्धि के लिए व्यापक रणनीति तैयार करेगा। इसके लिए मंत्रालय की विशेषज्ञ टीम राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना और रोडमैप तैयार करेगी, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुँचे। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह भी कहा कि उच्च उत्पादकता और कृषि संभावनाओं को देखते हुए आंध्र प्रदेश को एक अग्रणी कृषि-विकास मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। कोको डेवलपमेंट बोर्ड सहित संबंधित संस्थाएँ पहले से ही इस दिशा में सकारात्मक भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार से जुड़े सभी लंबित मुद्दों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा भविष्य की योजनाओं को प्रभावी और परिणामोन्मुख तरीके से आगे बढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश का कृषि क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छू रहा है और किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में कृषि क्षेत्र की संरचना और दृष्टिकोण में व्यापक बदलाव आया है तथा अब बैकवर्ड और फॉरवर्ड इंटीग्रेशन, वैल्यू चेन विकास, एग्री-प्रोसेसिंग और प्रौद्योगिकी आधारित खेती पर विशेष ध्यान देना आवश्यक हो गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कृषि परिदृश्य में आंध्र प्रदेश का योगदान लगभग 9.9 प्रतिशत है, जिसे और सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। विशेष रूप से कोको, काजू, नारियल, बागवानी और मूल्यवर्धित कृषि उत्पादों के विकास पर प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि कृषि उनके लिए केवल एक प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि एक गहरा व्यक्तिगत जुनून है, और इसी भावना के साथ राज्य सरकार किसानों की समृद्धि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य में तिलहन क्षेत्र के विस्तार, आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग, सिंचाई दक्षता में सुधार तथा कृषि-आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इससे किसानों की आय में वृद्धि, रोजगार के नए अवसरों का सृजन और समग्र ग्रामीण विकास को गति मिलेगी।

#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here