मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ में पंचायती राज मंत्रालय के पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बिहार के उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार सरकार में उद्योग एवं सड़क निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, बिहार सरकार में सूचना प्रौद्योगिकी एवं खेल मंत्री श्रेयासी सिंह, राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। पंचायती राज मंत्रालय का यह पवेलियन जमीनी स्तर पर शासन में पारदर्शिता, सटीकता और दक्षता बढ़ाने के लिए मंत्रालय द्वारा विकसित एआई-सक्षम प्लेटफार्मों को प्रदर्शित कर रहा है। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट एंड एक्सपो 2026 के दौरान सभासार, प्रमाण (पीआरएएमएएन) और ईग्रामसाथी का लाइव प्रदर्शन किया जा रहा है।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस शिखर सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण “सरपंच की चौपाल, एआई का कमाल” शीर्षक से नुक्कड़ नाटक है, जिसमें दर्शाया गया है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) किस प्रकार ग्रामसभा की कार्य प्रणाली को संरचित दस्तावेज़ीकरण और पारदर्शी प्रक्रियाओं के माध्यम से सुदृढ़ कर सकती है। शिखर सम्मेलन के विषय “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” के तहत मंत्रालय के हस्तक्षेप ग्राम सभा की कार्यवाही के विश्वसनीय डिजिटल रिकॉर्ड को संस्थागत बनाने, परिसंपत्ति निगरानी में प्रामाणिकता सुनिश्चित करने और वास्तविक समय में शासन सहायता उपलब्ध कराने पर केंद्रित हैं। सभासार ग्राम स्थानीय भाषाओं में ग्रामसभा की बैठकों की एआई आधारित रिकॉर्डिंग, ट्रांसक्रिप्शन और संरचित बैठकों के कार्यवृत्त को स्वाचालित रूप से तैयार करने की सुविधा प्रदान करता है। प्रमाण (पीआरएएमएएन) विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत परिसंपत्ति की तस्वीरों के स्वचालित सत्यापन और गुणवत्ता जांच के लिए इमेज एनालिटिक्स का उपयोग करता है। ईग्रामसाथी पंचायत पदाधिकारियों और नागरिकों को एआई-संचालित, वास्तविक समय की सूचना सहायता प्रदान करता है। ये प्रौद्योगिकी-आधारित पहलें प्रधानमंत्री के उस विजन के अनुरूप हैं, जिसमें डिजिटल नवाचार का लाभ उठाकर सहभागी लोकतंत्र को गहरा करना और देश भर में अंतिम छोर तक शासन को मजबूत करना शामिल है। आगंतुक 20 फरवरी 2026 तक भारत मंडपम (हॉल 5, बूथ 5F5 एवं 5F9) में पंचायती राज मंत्रालय के पवेलियन का अनुभव कर सकते हैं। पवेलियन में “सरपंच बनें” नामक एक प्रत्यक्ष इंटरैक्टिव सिमुलेशन प्रस्तुत किया गया है, जिसमें पारंपरिक नुक्कड़ नाटक प्रारूप के माध्यम से एआई-सक्षम निर्णय दस्तावेजीकरण का प्रदर्शन किया जाता है, साथ ही मंत्रालय के एआई प्लेटफार्म के लाइव मार्गदर्शित प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



