देश में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत

0
175

उत्‍तर प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान से संबंद्ध विभिन्‍न कार्यक्रमों में लोग उत्‍साह से भाग ले रहे हैं। कल राज्‍य सरकार के मंत्रियों के साथ केन्‍द्र सरकार के कई मंत्रियों ने विभिन्‍न स्‍थानों पर तिरंगा यात्रा में भाग लिया। इस बीच, राज्‍य सरकार ने संस्‍कृति विभाग द्वारा चलाये जा रहे ध्‍वनि और प्रकाश कार्यक्रमों, संगीतमय फुव्‍वारों, लेज़र-शो और डिजिटल दीर्घाओं में 17 अगस्‍त तक नि:शुल्‍क प्रवेश की घोषणा की है ।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की और चंपावत में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्‍होंने प्रभात फेरी में भी भाग लिया। उत्तराखंड के गांवों, कस्बों और शहरों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति लोग बहुत उत्साहित हैं। इसके तहत 15 अगस्त तक 20 लाख घरों में तिरंगा फहराया जा रहा है। मुख्यमंत्री कई जिलों में तिरंगा यात्रा में भाग लेकर लोगों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। हर घर तिरंगा अभियान के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए सेना, आईटीबीपी, सीमा सुरक्षा बल और पुलिसकर्मी स्कूली छात्रों के साथ तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी में हिस्‍सा ले रहे हैं। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों और तीर्थयात्रियों ने बद्रीनाथ धाम में तिरंगा यात्रा निकाली और उत्तराखंड में 14 हजार फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराया । भारत की स्‍वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के सिलसिले में महाराष्‍ट्र में हर घर तिरंगा अभियान उत्‍साह और जोश के साथ मनाया जा रहा है। इस अभियान के अं‍तर्गत राज्‍य में ढाई करोड़ घरों में राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराया जाएगा ।

केरल में लोग हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों और संस्थानों पर बड़े उत्साह से राष्ट्र ध्वज फहरा रहे हैं। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य संस्थानों ने तिरंगा फहराया है और वे स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के  कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने लोगों का आह्वान किया है कि वे हर घर तिरंगा अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। विभिन्न स्थानों पर प्रमुख हस्तियों ने समारोहों का नेतृत्व किया। भारतीय जनता पार्टी की केरल शाखा के अध्यक्ष के. सुरेन्द्रन ने तिरुवनंतपुरम में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया।

courtesy newsonair

Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here