मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में भाग लिया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दीक्षांत समारोह को संबोधित भी किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी संस्कृति की विरासत संस्कृत भाषा में संरक्षित है। इसने हमारे विशाल भूभाग की विविधता को एकता के सूत्र में पिरो दिया है।
मीडिया की माने तो, उन्होंने कहा, भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना हमारी राष्ट्रीय चेतना का आधार है। हमारे देश की समृद्ध संस्कृति का बोध होने पर, सहज ही, गौरव का भाव जागता है। हमारी संस्कृति की विरासत, संस्कृत भाषा में संचित है, संरक्षित है। इसलिए, संस्कृत भाषा में उपलब्ध सांस्कृतिक चेतना का प्रसार करना राष्ट्र सेवा है। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलगीत में प्राचीन-बोध-परंपरा के साथ-साथ नव-बोध-शोध-परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त होता है। परंपरा को महत्व देते हुए आधुनिक ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों को आगे बढ़ाना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का एक प्रमुख उद्देश्य है। राष्ट्र का स्थान केवल बुद्धि में नहीं बल्कि हृदय में भी होता है। राष्ट्र की अवधारणा जितनी बोधगम्य है, उससे अधिक भावगम्य है। राष्ट्र-प्रेम की भावना की सबसे उदात्त अभिव्यक्तियां संस्कृत भाषा में प्राप्त होती हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने आगे कहा, महात्मा गांधी ने संस्कृत भाषा का अध्ययन करने के लिए बहुत परिश्रम किया था और वे लोगों को संस्कृत पढ़ने के लिए प्रेरित भी करते थे। उन्होंने श्रीमद्भगवद् गीता का गहन अध्ययन किया था। विभिन्न प्रदेशों में स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के परिसरों में संस्कृत में उपलब्ध शास्त्रों का अध्ययन-अध्यापन हो रहा है तथा अनुसंधान कार्य भी किया जा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भारतीय भाषाओं तथा उनके माध्यम से ज्ञान-विज्ञान को प्रसारित करने पर ज़ोर दिया जा रहा है। जिस भाषा में गार्गी, मैत्रेयी, अपाला और लोपामुद्रा जैसी महिला विभूतियों ने ज्ञान का अमर अवदान दिया हो उसके अध्ययन-अध्यापन में महिलाओं की भागीदारी अधिक से अधिक होनी ही चाहिए।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



