मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने बहुपक्षीय मंचों में सहयोग सहित पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए। भारत और फिनलैंड के बीच आज नई दिल्ली में पर्यावरण सहयोग, प्रवासन और गतिशीलता साझेदारी तथा सांख्यिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। अपने संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज दुनिया अस्थिरता और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन से लेकर पश्चिम एशिया तक, दुनिया के कई क्षेत्रों में लगातार संघर्ष जारी हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे वैश्विक माहौल में भारत और यूरोप दो प्रमुख राजनयिक शक्तियां अपने संबंधों के स्वर्णिम युग में प्रवेश कर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और यूरोप के बीच बढ़ता सहयोग वैश्विक स्थिरता, विकास और साझा समृद्धि को मजबूत कर रहा है।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फिनलैंड इस बात पर एकमत हैं कि केवल सैन्य संघर्ष से किसी भी मुद्दे का समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, दोनों देश संघर्ष को जल्द समाप्त करने के हर प्रयास का समर्थन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भारत और फिनलैंड कानून के शासन, संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं। पीएम मोदी ने उल्लेख किया कि 2026 की शुरुआत में भारत-यूरोपीय संघ के बीच एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता हुआ था। उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत और फिनलैंड के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को और मजबूत करेगा। इस अवसर पर फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब ने कहा कि भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्रों में से एक है और विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ और भारत के बीच हुए व्यापार समझौते तथा रणनीतिक साझेदारी का बहुत महत्व है। फिनलैंड के राष्ट्रपति कल चार दिन की राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति स्टब यह पहली भारत यात्रा है। वे राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन भी फिनलैंड के राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति स्टब आज शाम राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित होने वाले 11वें रायसीना डॉयलाग 2026 में मुख्य अतिथि और प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



