मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल राजस्थान का दौरा करेंगे। इस दौरान वे राजस्थान सरकार का एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘एक वर्ष–परिणाम उत्कर्ष’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जयपुर में ऊर्जा, सड़क, रेलवे और जल से जुड़ी 46 हजार 300 करोड़ रुपये से अधिक की 24 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
श्री मोदी ग्यारह हजार करोड़ रुपये से अधिक की नौ परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनमें सात केंद्र सरकार की और दो राज्य सरकार की परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा वे 35 हजार 300 करोड़ रुपये से अधिक की 15 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जिनमें 9 केंद्र सरकार की और 6 राज्य सरकार की परियोजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा रहा है, उनमें नवनेरा बैराज, स्मार्ट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन नेटवर्क और एसेट मैनेजमेंट सिस्टम परियोजनाएं, भीलड़ी-समदड़ी-लूनी-जोधपुर-मेड़ता रोड-डेगाना-रतनगढ़ खंड का रेलवे विद्युतीकरण तथा दिल्ली-वडोदरा ग्रीन फील्ड अलाइनमेंट परियोजना के पैकेज 12 सहित अन्य परियोजनाएं शामिल हैं। ये परियोजनाएं लोगों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हरित ऊर्जा की परिकल्पना के अनुरूप राज्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में सहायक होंगी।
प्रधानमंत्री 9 हजार 400 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से चंबल नदी पर एक्वाडक्ट के माध्यम से नवनेरा बैराज से बीसलपुर बांध और ईसरदा बांध तक पानी पहुंचाने की प्रणाली और रामगढ़ बैराज तथा महलपुर बैराज के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी सरकारी कार्यालय भवनों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने, बीकानेर जिले के पूगल में 2000 मेगावाट के एक सौर पार्क और 1000 मेगावाट के सौर पार्कों के दो चरणों के विकास तथा धौलपुर जिले के सैपऊ से भरतपुर-डीग-कुम्हेर-नगर-कामां तक पेयजल ट्रांसमिशन लाइन और पहाड़ी तथा चंबल-धौलपुर-भरतपुर रेट्रोफिटिंग कार्य का भी शिलान्यास करेंगे।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें
News & Image Source: newsonair.gov.in



