मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नालंदा जिले के बिहारशरीफ के मघड़ा गांव स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में मंगलवार को चैत्र माह के आखिरी मंगलवार पर बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में भारी भीड़ के बीच मची भगदड़ में 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मंदिर और मेला को बंद करा दिया है तथा स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं। मृतकों में से अब तक दो की पहचान हुई है। सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की पत्नी रीता देवी (50) और नूरसराय के मथुरापुर निवासी कमलेश प्रसाद की पत्नी रेखा देवी (45)। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। रेखा देवी के पुत्र ने बताया कि उनकी मां मेला देखने गई थीं। “हजारों की भीड़ थी। सूचना मिलने पर हम पहुंचे और अस्पताल लाए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।” प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शीतलाष्टमी के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। मंगला मेला के कारण भीड़ और बढ़ गई थी। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शीतला मंदिर हादसे पर शोक जताया और मृतकों के लिए मुआवजे की घोषणा की। मृतकों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये (कुल 6 लाख रुपये प्रति व्यक्ति) की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मघड़ा स्थित यह मंदिर बिहारशरीफ से करीब 5 किलोमीटर दूर है। शीतला अष्टमी पर यहां विशेष पूजा होती है। परंपरा के अनुसार इस दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता और एक दिन पहले बना ठंडा भोजन माता को भोग लगाया जाता है। इसी कारण हर वर्ष यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। हादसे के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा बल और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम नहीं किए गए थे। बताया जा रहा है कि नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर जिले के अधिकांश पुलिस बल की तैनाती अन्य जगहों पर थी। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा खबरें



