मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मणिपुर में राष्ट्रपति शासन समाप्त कर दिया गया है। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के युमनाम खेमचंद सिंह ने बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मणिपुर के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर युम्नाम खेमचंद सिंह को बधाई दी। एक सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने नेमचा किपगेन और लोसी डिखो को राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर भी बधाई दी। प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि वे मणिपुर के नागरिकों के विकास और समृद्धि के लिए लगन से काम करेंगे। इससे पहले गृह मंत्रालय द्वारा इस संबंध में एक अधिसूचना जारी की गई। पिछले वर्ष 13 फरवरी को तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करके मार्च 2027 तक के कार्यकाल वाली मणिपुर विधानसभा को निलंबित कर दिया गया था।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह राजधानी इम्फाल के लोक भवन में आयोजित हुआ। मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने युमनाम खेमचंद सिंह को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं को बताया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में मणिपुर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगा। भाजपा के नेमचा किपगेन और एनपीएफ के लोसी दिखो को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। भाजपा विधायक गोविंदास कोंथौजम और एनपीपी विधायक खुरैजाम लोकेन ने भी मंत्री पद की शपथ ली। नेमचा किपगेन ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नई दिल्ली स्थित मणिपुर भवन से समारोह में भाग लिया। युमनाम खेमचंद सिंह 2017 में भाजपा के टिकट पर सिंगजामेई विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए और मणिपुर विधानसभा के अध्यक्ष बने। पिछले आम चुनाव में भी वे इसी क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे और तत्कालीन एन. बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री बनाए गए। उन्होंने पार्टी के केंद्रीय नेताओं के साथ बुधवार को सुबह राज्यपाल से मुलाकात की और भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनाने का दावा पेश किया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को मणिपुर में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। तरुण चुघ भाजपा सांसद संबित पात्रा के साथ शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित थे। पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह और एनडीए गठबंधन के विधायक भी समारोह में शामिल हुए। इस बीच, मणिपुर विधानसभा सचिवालय ने बताया कि राज्य विधानसभा का सत्र शुक्रवार को शुरू होगा।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
हिंदी समाचार, हिंदी समाचार , हिंदी समाचार, हिंदी समाचार, हिंदी में नवीनतम समाचार, हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, ताज़ा ख़बरें



