यूपी के हापुड़ में एक फैक्टरी में ब्यॉलर फटने से भीषण आग लग गई। जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं। यह धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग दहल गए। मौके पर पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंच गई हैं। घटनास्थल पर राहत बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। जानकारी है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
घटना की जानकारी मिलने पर दमकल विभाग की गाडिय़ां मौके पर पहुंच गई हैं। घटना में अब तक 6 शव मिले हैं, जो बुरी तरह से जले हुए हैं। आशंका जताई जा रही है, कि इनकी मौत जलने और दम घुटने से हुई है। फैक्टरी में अंदर कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। धुएं का गुबार आसमान में फैल गया है। पुलिस भी बचाव कार्य में जुटी हुई है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस घटना में मारे गए सभी 6 मजदूरों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि दुर्घटना में घायल लोगों का समुचित उपचार कराया जाए। सीएम योगी ने कहा, ‘मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है’। सीएम योगी ने आलाधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और जांच के निर्देश दिए हैं।