मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मानसून की दस्तक से पहले उत्तर भारत समेत कई राज्यों में बदले मौसम से बृहस्पतिवार को भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग की मानें तो पूरे देश में सिर्फ दक्षिणी उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में ही बृहस्पतिवार को लू की स्थिति दर्ज की गई। शेष जगहों पर स्थिति में सुधार हुआ है। दिल्ली-एनसीआर और पंजाब-हरियाणा में कई दिनों के बाद न्यूनतम पारा सामान्य से नीचे दर्ज किया। मौसम विभाग ने बताया कि इन राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से लेकर 3 डिग्री तक कम दर्ज किया गया। वहीं, पंजाब-हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहा। देश में सबसे अधिक तापमान बृहस्पतिवार को हरियाणा के सिरसा में 43.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अगले तीन से चार दिनों में बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, झारखंड, ओडिशा और बंगाल के अधिकांश इलाकों तक पहुंच जाएगा। असम और बिहार में अलग-अलग चक्रवात की स्थिति बन रही है जिसके कारण इनसे सटे इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। बिहार के कुछ इलाकों में 20 से 24 जून तक भारी बारिश का अनुमान है। वहीं बंगाल, बिहार और झारखंड के अधिकांश इलाकों में मानसून के प्रभाव से हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 23 और 24 जून को कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी से परेशान हरियाणा के लोगों को बुधवार रात से राहत मिल गई। कई जिलों में देर रात अचानक मौसम में बदलाव हुआ और तेज हवा चली। कुछ देर बाद हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई, जो देर तक जारी रही। बृहस्पतिवार की सुबह फिर से मौसम ने करवट ली और बारिश हुई। इससे तापमान में और गिरावट दर्ज की गई। कई जगह अधिकतम तापमान 39 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून के इस बार हरियाणा में समय से आने की संभावना है। हरियाणा में मानसून की बारिश 3 जुलाई तक आ सकती है।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें