मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आईपीएल 2026 के 21वें मैच में राजस्थान रॉयल्स की टीम सनराइजर्स हैदराबाद के घर में खेल रही थी। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन की धमाकेदार पारी के दम पर 200 से ज्यादा रनों का स्कोर खड़ा किया। सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 216 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में राजस्थान की टीम 19 ओवर में 159 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस तरह हैदराबाद ने 57 रनों से जीत दर्ज की। राजस्थान की इस सीजन यह पहली हार है। इस हार के बावजूद राजस्थान पॉइंट्स टेबल में 8 पॉइंट के साथ टॉप पर है। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ईशान किशन ने 44 गेंदों पर सबसे ज्यादा 91 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 6 छक्के जड़े। हेनरिक क्लासेन ने 40 रनों का योगदान दिया। राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 2 विकेट अपने नाम किए। संदीप शर्मा, तुषार पांडे और रियान पराग ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सनराइजर्स हैदराबाद के विशाल स्कोर के जवाब में राजस्थान रॉयल्स की पारी का आगाज बेहद खराब रहा। सनराइजर्स हैदराबाद के 24 साल के गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने पारी के पहले ही ओवर में राजस्थान को 3 बड़े झटके देते हुए सनसनी मचा दी। हिंगे ने अपने पहले ही आईपीएल मैच में अपने पहले ही ओवर में वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रेटोरियस को आउट करते हुए राजस्थान रॉयल्स के खेमे में खलबली मचा दी। 9 रन के स्कोर तक राजस्थान की आधी टीम पवेलियन लौट गई। इसके बाद डोनोवन फरेरा और रवींद्र जडेजा ने मिलकर पारी को संभाला और टीम का स्कोर 100 रन के पार ले गए। हालांकि, इसके बाद एक बार फिर राजस्थान की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और 19 ओवर तक 159 रन के स्कोर पर पूरी टीम ढेर हो गई।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा खबरें



