मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में आगामी 20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव और आगामी 24 नवंबर को आयोजित होने वाली देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत का पर्व है। इस वर्ष काशी के सभी पक्के घाटों, रेतीले तट और 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। आयोजन का उल्लास ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ और प्रमुख धार्मिक स्थलों तक भी पहुंचना चाहिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नमो घाट पर आयोजित होने वाले गंगा महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए। वहीं, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट की भव्य महाआरती, चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, ड्रोन शो और काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी की व्यवस्था आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखकर की जाए। उन्होंने नाविकों को सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित संचालन का प्रशिक्षण देने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार दीपकों को दीपोत्सव में शामिल करने पर भी जोर दिया।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ के दृष्टिगत सुरक्षा एवं यातायात के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए। इसके लिए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरों, क्यूआरटी, खोया-पाया केंद्रों और पर्यटक पुलिस की तैनाती के साथ गंगा में नावों के सुरक्षित संचालन हेतु नमो घाट से अस्सी घाट तक पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा। शहर को जाम से मुक्त रखने के लिए 7 डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए 14 अस्पतालों का ग्रीन कॉरिडोर तैयार करने तथा 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने और काशी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु एवं पर्यटक को सुरक्षित, सुगम एवं अविस्मरणीय अनुभव उपलब्ध कराने पर बल दिया।
News Source : Social Media
Image Source : X @CMOfficeUP
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



