नोएडा : उप्र में नोएडा के सुपरटेक ट्विन टावरों को आज गिराया गया है। नोएडा के सेक्टर 93 में बने सुपरटेक के अवैध ट्विन टावर आज दोपहर क़रीबन ढाई बजे ढहा दिए गए। मीडिया सूत्रों से सामने आई जानकारी के अनुसार 100 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इन दोनों टावर को गिरने में कुछ सेकेंड का ही वक्त लगा। इन सुपरटेक ट्विन टावरों को गिराने के बाद आस-पास के क्षेत्र में धूल के बादल छा गए। हालाँकि इन टावरों को गिराने के बाद आस पास जमे धूल को स्थिर करने के लिए पानी को स्प्रे करने के लिए एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
अधिकृत सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ब्लास्ट से पहले करीब 7 हजार लोगों को एक्सप्लोजन जोन से हटाया गया। सुपरटेक ट्विन टावर्स गिराये जाने पर उप्र के अपर मुख्य सचिव(गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा है कि इन अवैध ट्विन टावरों को सुप्रीम कोर्ट द्वारा सख्त कार्रवाई में ध्वस्त करने का आदेश दिया गया था। यह एक संदेश देगा कि राज्य में अवैध काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।