मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 7 मार्च, शनिवार को चेन्नई स्थित आईआईटी में नारियल उत्पादक किसान बहनों–भाइयों और नारियल क्षेत्र के प्रमुख स्टेकहोल्डर्स के साथ एक महत्वपूर्ण पोस्ट बजट संवाद में हिस्सा लेंगे, जहां वे केंद्रीय बजट में घोषित नई “नारियल संवर्धन योजना” के संदर्भ में सरकार की किसान हितैषी दृष्टि और प्राथमिकताएं सामने रखेंगे। नारियल विकास बोर्ड द्वारा आयोजित इस “पोस्ट बजट कोकोनट स्टेकहोल्डर्स मीट” का केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन करेंगे और नारियल क्षेत्र में उत्पादन, प्रसंस्करण व मूल्य संवर्धन के लिए भावी रोडमैप पर विचार–विमर्श करेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 7 मार्च 2026 (शनिवार) को तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह प्रातः 9:55 बजे दिल्ली से विमान द्वारा चेन्नई के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर 12:55 बजे चेन्नई पहुंचेंगे और फिर सीधे आईआईटी चेन्नई जाएंगे, जहां दोपहर 2 बजे से नारियल उत्पादक किसानों के साथ एक विशेष इंटरएक्शन सेशन होगा, जिसमें श्री शिवराज सिंह किसानों की बात सुनेंगे और “नारियल संवर्धन योजना” को और अधिक किसान हितैषी व व्यवहारिक बनाने के लिए सुझाव प्राप्त करेंगे।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसके बाद 3 बजे से “पोस्ट बजट कोकोनट स्टेकहोल्डर्स कॉन्फ्रेंस” आयोजित की जाएगी, जिसमें नारियल क्षेत्र के सभी प्रमुख घटक– किसान, प्रोसेसर्स, उद्योग प्रतिनिधि, विशेषज्ञ और राज्य सरकारों के अधिकारी एक मंच पर आएंगे। नारियल विकास बोर्ड, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आईआईटी, चेन्नई में आयोजित इस “पोस्ट बजट कोकोनट स्टेकहोल्डर्स मीट” का मंत्री शिवराज सिंह चौहान उद्घाटन करेंगे। यहां प्रदर्शनी स्टॉल्स का उद्घाटन शिवराज सिंह करेंगे, जहां नारियल क्षेत्र से जुड़े नवाचार, तकनीक और वैल्यू एडेड उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, बजट 2026–27 में घोषित नई “नारियल संवर्धन योजना” की मूल भाव-भूमि, लक्ष्यों और अपेक्षित परिणामों के बारे में स्टेकहोल्डर्स को अवगत कराएंगे। कार्यक्रम में दक्षिण भारत के प्रमुख नारियल उत्पादक राज्यों – तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे। शाम को आईआईटी, चेन्नई में प्रेस इंटरेक्शन भी रखा गया है, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने तमिलनाडु दौरे, पोस्ट बजट विमर्श और “नारियल संवर्धन योजना” के मुख्य बिंदुओं पर मीडिया से संवाद करेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का यह दौरा केंद्र सरकार की किसान केंद्रित नीतियों और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति को रेखांकित करता है। “नारियल संवर्धन योजना” के संदर्भ में यह स्टेकहोल्डर्स मीट नीति निर्माण की प्रक्रिया में सीधे किसानों और क्षेत्रीय हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित करने वाला महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



