पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन

0
89
पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन

मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार गंगा हजारों वर्षों से उत्तर प्रदेश की जीवनरेखा रही है, उसी प्रकार यह एक्सप्रेसवे भी राज्य के विकास की नई जीवनरेखा बनेगा। पीएम मोदी ने कहा कि बुनियादी ढांचा देश की तीव्र प्रगति और महत्वाकांक्षा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के एक छोर को दूसरे छोर से जोड़ता है, जिससे क्षेत्रीय संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होगा। यह परियोजना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विशाल अवसरों को राज्य के विभिन्न हिस्सों के करीब लाएगी। गंगा नदी के ऐतिहासिक महत्व का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके आसपास से गुजरने वाले आधुनिक एक्सप्रेस-वे विकास की नई धमनियां बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाएं उत्तर प्रदेश के विकास को गति देने और भारत के उज्ज्वल भविष्य में योगदान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी है और रिपोर्टों से पता चला है कि पहले चरण की तरह ही बड़ी संख्या में लोग वोट डाल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए एक अच्छा संकेत है। उन्होंने पश्चिम बंगाल के नागरिकों से लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की।

मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन वाली सरकार ने न केवल परियोजनाओं की आधारशिला रखी बल्कि समय पर उनके पूरा होने और उद्घाटन को भी सुनिश्चित किया। प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करके महिलाओं के साथ विश्वासघात करने के लिए समाजवादी पार्टी की आलोचना भी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि के तहत राज्य में उन्नत बुनियादी ढांचा विकास को गति दे रहा है। हाई-स्पीड कॉरिडोर से उत्तर प्रदेश में संपर्क में उल्लेखनीय वृद्धि होने की आशा है, साथ ही औद्योगिक निवेश, रसद, कृषि विपणन और क्षेत्रीय संतुलन को भी बढ़ावा मिलेगा। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित गंगा एक्सप्रेसवे, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों को एक ही हाई-स्पीड कॉरिडोर से जोड़ेगा। यह राज्य का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा। इससे मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा का समय लगभग 12 घंटे से घटकर लगभग 6 घंटे हो जाएगा। यह एक्सप्रेसवे 12 जिलों मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज से होकर गुजरेगा। इसमें शाहजहांपुर में साढे तीन किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी भी शामिल है, जो भारतीय वायु सेना के विमानों के आपातकालीन उड़ान भरने और उतरने में सहायता करेगी। इस परियोजना से औद्योगिक विकास, व्यापार, कृषि और पर्यटन सहित कई क्षेत्रों को बढ़ावा मिलने और पूरे क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन किए। उन्होंने गर्भगृह में 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की। मंदिर से बाहर निकलने के बाद भाजपा नेताओं ने उन्हें त्रिशूल और डमरू भेंट किए। प्रधानमंत्री ने त्रिशूल धारण किया। प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर में उपस्थित कुछ श्रद्धालुओं से भी बातचीत की।

#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here