भारत ने 726 चीनी नागरिकों को विपरीत सूची में डाल दिया है। वीज़ा शर्तों के उल्लंघन और अन्य अवैध गतिविधियों के कारण इन चीनी नागरिकों के खिलाफ यह कार्रवाई की गयी है। आज लोकसभा में एक लिखित उत्तर में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से 2021 के दौरान 81 चीनी नागरिकों को भारत छोड़ने का नोटिस दिया गया और 117 चीनी नागरिकों को स्वदेश भेज दिया गया। श्री राय ने बताया कि सरकार, वैध यात्रा दस्तावेज़ों के साथ देश में प्रवेश करने वाले विदेशी नागरिकों के रिकॉर्ड रखती है। इनमें चीनी नागरिक भी शामिल हैं। इनमें से कुछ विदेशी नागरिक जानकारी न होने या अन्य किसी मजबूरी के कारण वीज़ा अवधि से अधिक दिनों तक ठहरे रहते हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे नागरिकों से जुर्माने की रकम वसूलकर उनके अवैध रूप से ठहरने की अवधि को नियमित करने दिया जाता है और अगर ज़रूरत हुई तो वीज़ा की अवधि बढ़ा दी जाती है। श्री राय ने कहा कि जानबूझ कर वीज़ा की अवधि से अधिक दिनों तक रहने वालों के खिलाफ विदेश अधिनियम के अनुसार उचित कार्रवाई की जाती है। इनमें भारत छोड़ने का नोटिस जारी करने और जुर्माना लगाने तथा वीज़ा की फीस वसूलने जैसी कार्रवाई की जाती है ।
courtesy newsonair



