मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली में हेलेनिक गणराज्य के रक्षा मंत्री निकोलाओस-जॉर्जियोस डेंडियास के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों मंत्रियों ने भारत-ग्रीस रणनीतिक साझेदारी शांति, स्थिरता, स्वतंत्रता और पारस्परिक सम्मान के साझा मूल्यों पर आधारित होने की बात दोहराई। दोनों देशों ने भारत के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘एजेंडा 2030’ के तहत ग्रीस के रक्षा सुधारों के बीच साझेदारी के माध्यम से अपने-अपने स्वदेशी रक्षा उद्योगों की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया। भारत और ग्रीस के बीच रक्षा औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने के लिए एक संयुक्त आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए गए, यह पांच वर्षीय रोडमैप तैयार करने का प्रारंभिक बिंदु है।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्रियों ने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और रणनीतिक सम्बंधों को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। 2026 के लिए एक द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना का भी आदान-प्रदान किया गया। इसमें दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच सैन्य गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई है। दोनों प्राचीन समुद्री राष्ट्रों के बीच विभिन्न प्रमुख समुद्री मुद्दों पर सहमति का भी उल्लेख किया गया। ग्रीस की ओर से गुरुग्राम स्थित सूचना संलयन केंद्र-हिंद महासागर क्षेत्र (आईएफसी-आईओआर) में एक ग्रीक अंतर्राष्ट्रीय संपर्क अधिकारी की नियुक्ति की घोषणा की गई। बैठक से पहले, ग्रीस के रक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर योद्धाओं को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मानेकशॉ केंद्र में त्रि-सेवा गार्ड ऑफ ऑनर का भी निरीक्षण किया। इस यात्रा के दौरान, हेलेनिक प्रतिनिधिमंडल ने बेंगलुरु में प्रमुख रक्षा एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों का दौरा किया और साथ ही नई दिल्ली में रक्षा उपक्रमों (डीपीएसयू), रक्षा उद्योग और स्टार्टअप प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। यह यात्रा दोनों देशों की सरकारों और लोगों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सौहार्दपूर्ण और घनिष्ठ संबंधों पर आधारित भारत और हेलेनिक गणराज्य के बीच रणनीतिक साझेदारी की पुष्टि करती है।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



