राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पुर्तगाल के लिस्बन शहर की प्रतिष्ठित “सम्‍मान की कुंजी” प्रदान की गई

0
24
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पुर्तगाल के लिस्बन शहर की प्रतिष्ठित “सम्‍मान की कुंजी” प्रदान की गई

मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पुर्तगाल के लिस्बन शहर की प्रतिष्ठित “सम्‍मान की कुंजी” प्रदान की गई। ऐतिहासिक कैमारा म्युनिसिपल डे लिस्बोआ में मेयर कार्लोस मोएदास ने प्रतीकात्मक रूप से उन्हें आधिकारिक तौर पर लिस्बन शहर की मानद नागरिक के रूप में मान्यता दी। “लिस्बन शहर की कुंजी” शहर का सर्वोच्च सम्मान है। राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए मेयर और लिस्बन के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्‍होंने उनके स्नेही स्वभाव, खुले विचारों, सहिष्णुता की भावना और विविधता के प्रति सम्मान की प्रशंसा की। समारोह को संबोधित करते हुए कल राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि पुर्तगाल ने यूरोपीय संघ और लुसोफोन देशों के साथ सम्‍बंधों को मजबूत करने में भारत के लिए महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई है। उन्होंने कहा कि पुर्तगाल में भारतीय चौथे सबसे बड़े समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं और दोनों संस्कृतियों के बीच एक सेतु का काम करते हुए अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रोजमर्रा की जिंदगी में, भारत और पुर्तगाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक सम्‍बंधों के गहरे और स्थायी प्रभाव के बारे में बताया।

मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति ने वसुधैव कुटुम्बकम के सिद्धांत वाले भारत के दृष्टिकोण के बारे में भी बात की। उन्‍होंने कहा 2047 तक “विकसित भारत” का निर्माण किया जाएगा और इसमें पुर्तगाल को विश्वसनीय भागीदार के रूप में देखते हुए नवीकरणीयता को बढ़ावा देने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की गई। इस समारोह में लिस्बन के प्रमुख नागरिकों ने भाग लिया, जिसमें राजनयिक कोर के सदस्य और भारतीय और इंडो-पुर्तगाली दोनों समुदायों के प्रतिनिधि शामिल थे। पुर्तगाल यात्रा के दूसरे और अंतिम दिन आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुर्तगाली प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो से मुलाकात करेंगी। वह पुर्तगाली गणराज्य की विधानसभा, चंपालिम फाउंडेशन और राधाकृष्ण मंदिर का भी दौरा करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु अल्मेडा में ‘महात्मा गांधी और कस्तूरबा गांधी की प्रतिमा’ पर पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगी। इससे पहले कल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लिस्बन में पुर्तगाल के राष्‍ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। संयुक्त मीडिया संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत-पुर्तगाल सम्‍बंध ऐतिहासिक हैं और आधुनिक तथा बहुआयामी साझेदारी के रूप में विकसित हो रहे हैं। दोनों देशों ने व्यापार में आपसी सहयोग बढ़ाने और आर्थिक सम्‍बंधों को मजबूत करने पर सहमति जताई। उन्होंने अक्षय ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन, आईटी, स्टार्टअप, नवाचार और कुशल गतिशीलता जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने का भी फैसला किया। भारत और पुर्तगाल के राजनयिक सम्‍बंधों की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू पुर्तगाल और स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा के पहले चरण के लिए कल लिस्बन पहुंचीं। कल राष्ट्रपति मुर्मू स्लोवाकिया की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगी। यह 29 वर्षों में किसी भारतीय राष्ट्रपति की स्लोवाकिया की पहली यात्रा होगी।

#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें

Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here