मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज देश के समावेशी और सतत विकास के लिए समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान पर जोर दिया। उन्होंने चंड़ीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय के 72वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पंजाब विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति के अनुसार नवाचार, अनुसंधान और वैश्विक भागीदारी को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों को शिक्षा क्षेत्र में भी अपना योगदान देना चाहिए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि छात्रों में संवेदनशीलता और राष्ट्र प्रेम की भावना होनी चाहिए। राष्ट्रपति ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि छात्रों को सकारात्मक सोच रखनी चाहिए और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए उभरती हुई तकनीकों से परिचित होना चाहिए।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि महिलाएँ हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और दीक्षांत समारोह में डिग्री और पदक प्राप्त करने वालों में 80 प्रतिशत छात्रायें हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना की। राष्ट्रपति ने प्रसिद्ध गणितज्ञ डॉ. आर.जे. हंस-गिल को डॉक्टर ऑफ साइंस की मानद उपाधि और सामाजिक कार्यकर्ता सुश्री निवेदिता रघुनाथ भिड़े को डॉक्टर ऑफ लिटरेचर की मानद उपाधि प्रदान की। इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इसके अलावा, कई प्रतिष्ठित हस्तियों को उनके संबंधित क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान के लिए भी सम्मानित किया गया। डॉ. गुरतेज सिंह संधू को विज्ञान रत्न, डॉ. हरमोहिंदर सिंह बेदी को साहित्य रत्न, डॉ. पुष्विंदर जीत सिंह को उद्योग रत्न और डॉ. जसपिंदर नरूला को कला रत्न से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति ने मनु भाकर को खेल रत्न से सम्मानित किया। दीक्षांत समारोह में करीब 812 पीएचडी विद्यार्थियों को डिग्री और 70 विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए गए। डिग्री पाने वालों में 617 छात्राएं जबकि पदक विजेताओं में 62 छात्राएं शामिल थीं।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें