
जम्मू-कश्मीर में श्री अमरनाथजी यात्रा के लिए स्वास्थ्य और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्वास्थ्य सेवा निदेशालय ने जवाहर सुरंग से पवित्र गुफा तक दोनों तरफ के रास्तों पर सत्तर स्वास्थ्य सेवा केंद्र बनाए हैं और एक सौ एंबुलेंस उपलब्ध कराई हैं। यात्रा मार्ग पर बालताल और चंदनवाडी में सत्तर बिस्तरों वाले दो अस्पताल भी स्थापित किए गए हैं। डीआरडीओ ने यात्रा के दोनों ओर एक सौ बिस्तरों का एक अस्पताल बनाया है जो प्राथमिक चिकित्सा तथा आपात स्थिति में अत्याधुनिक जीवन रक्षक मदद उपलब्ध कराएगा।
इसके अलावा सुरक्षा बलों ने अमरनाथ यात्रा के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इस बीच सुरक्षा बलों ने आज सांबा, कठुआ और जम्मू जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांवों में सीमापार से घुसपैठ रोकने के लिए सुरंग तलाशने का सघन अभियान चलाया। इस अभियान में पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और सीमा सुरक्षा बल के जवान शामिल थे।
Courtesy newsonair