प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत का स्वास्थ्य ढांचा और मजबूत हुआ है। बजट उपरांत आयोजित वेबिनार ‘सबका साथ सबका विकास – जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति’ को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति केवल चर्चा का विषय नहीं है, बल्कि यह बजट का आधार और सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि देश निवारक और समग्र स्वास्थ्य की दिशा में काम कर रहा है और कई जिलों में सैकड़ों नए मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना और आरोग्य मंदिर के माध्यम से पूरे देश के गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है, वहीं योग और आयुर्वेद की भारतीय परंपराएं विश्व स्तर पर लोकप्रियता हासिल कर रही हैं। देखभाल अर्थव्यवस्था के उदय पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देखभाल करने वालों की बढ़ती वैश्विक मांग देश के लाखों युवाओं के लिए कौशल आधारित रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है।
प्रधानमंत्री ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती संख्या पर गर्व व्यक्त किया। पीएम मोदी ने भविष्य की प्रौद्योगिकियों में बेटियों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने एक सशक्त अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण का आह्वान किया जो युवा शोधकर्ताओं को बिना किसी बाधा के नवाचार और प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करे। उन्होंने कहा कि एक ऐसा अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र बनाया जाना चाहिए जहां युवा शोधकर्ताओं को नए विचारों पर प्रयोग करने और काम करने का पूरा अवसर मिल सके। शिक्षा, रोजगार और उद्यम के बीच संबंधों पर चर्चा करते हुए, प्रधानमंत्री ने एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स क्षेत्र को बढ़ावा देने पर प्रकाश डाला। यह कहते हुए कि भारत नवाचार-संचालित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है, प्रधानमंत्री ने शैक्षणिक संस्थानों से अपने परिसरों को उद्योग सहयोग और अनुसंधान-आधारित शिक्षा के केंद्रों में बदलने का आह्वान किया।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



