मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह कल नई दिल्ली के अटल अक्षय ऊर्जा भवन में एनएएफईडी के ऑक्शन पोर्टल ‘NAFEX.in’ का उद्घाटन करेंगे। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, एनएएफईडी के अध्यक्ष जेठाभाई अहीर, प्रबंध निदेशक दीपक अग्रवाल और वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एनएएफईडी की कई डिजिटल और किसान-केंद्रित पहलों का शुभारंभ करेंगे, जिनमें NAFED-KALYAN छात्रवृत्ति (किसानों के बच्चों के लिए), दलहन एवं तिलहन के इन्वेंटरी मैनेजमेंट के लिए DRISHTI पोर्टल, ईआरपी पोर्टल और ऑक्शन पोर्टल NAFEX.in शामिल हैं। साथ ही ऑक्शन पोर्टल पर लाइव पंजीकरण और नीलामी प्रक्रिया का प्रदर्शन भी होगा। NAFEX.in का शुभारंभ नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और संचालन की सुगमता को बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और यह किसानों, सदस्य संस्थाओं तथा हितधारकों के हित में एनएएफईडी की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उद्घाटन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह NAFED-KALYAN छात्रवृत्ति के चेक किसानों के बच्चों को वितरित करेंगे, जो किसान कल्याण और बच्चों की शिक्षा को समर्थन देने में एनएएफईडी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शुभारंभ कार्यक्रम के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एनएएफईडी के निदेशक मंडल के सदस्यों से भेंट करेंगे। इस बैठक में एनएएफईडी द्वारा अपनी गतिविधियों और प्रगति पर प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें पिछले दौरे के दौरान दिए गए निर्देशों पर की गई कार्रवाई और भविष्य के रोडमैप पर चर्चा की जाएगी। ये डिजिटल व कल्याणकारी पहलकदमी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सहकार से समृद्धि” के विज़न तथा सहकारी संस्थाओं को तकनीक, पारदर्शिता और किसान-केंद्रित सुधारों के माध्यम से सशक्त करने के सरकार के प्रयासों के अनुरूप हैं।
News Source : Social Media
Image Source : X @AmitShah
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



