मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जापान की विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओनोडा किमी ने आज नई दिल्ली में विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों, विशेष रूप से स्वास्थ्य और चिकित्सा उपकरणों के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। डॉ. सिंह ने कहा कि भारत और जापान विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में स्वाभाविक तालमेल साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर अग्रणी क्षेत्रों में नवाचार को गति दे सकते हैं और अनुसंधान को सार्थक सामाजिक परिणामों में परिवर्तित कर सकते हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि क्वांटम प्रौद्योगिकी, साइबर-फिजिकल सिस्टम, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्वच्छ ऊर्जा और उन्नत कंप्यूटिंग में भारत के बढ़ते राष्ट्रीय मिशन, देश के गहन प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में मजबूती को दर्शाते हैं।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस अवसर पर जापान की विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओनोडा किमी ने भारत की तीव्र आर्थिक वृद्धि और नवाचार के प्रति भारत की मजबूत प्रतिबद्धता, विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बड़े पैमाने पर अपनाने की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बैठक के दौरान हुए समझौते अनुसंधान, अनुप्रयोग और औद्योगिक तैनाती को शामिल करते हुए गहन सहयोग को बढ़ावा देंगे। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बैठक में स्वास्थ्य तथा चिकित्सा उपकरणों के क्षेत्र में सहयोग ज्ञापन और क्वांटम विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी में सहयोग के लिए आशय पत्र का आदान-प्रदान हुआ। बैठक का समापन दोनों देशों के शोधकर्ताओं के बीच सहयोग, संस्थागत साझेदारी और उद्योग संबंधों सहित कई स्तरों पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति के साथ हुआ, ताकि विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में भारत-जापान सहयोग को और गहरा किया जा सके।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



