आईपीएल 2026 : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया

0
86
आईपीएल 2026 : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया
Image Source : @IPL

मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, देवदत्त पडिक्कल की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया। गत चैंपियन का घरेलू मैदान चिन्नास्वामी पर तूफान देखने को मिला और उनके लिए 201 रनों का स्कोर भी बौना साबित हुआ। बेंगलुरु ने मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम किया और जीत के साथ ट्रॉफी डिफेंड करने का दावा पेश किया है। हैदराबाद ने कप्तान ईशान किशन की 80 रनों की पारी के दम पर 201 रन बनाए थे। इतने विशाल स्कोर को देखकर लग रहा था कि बेंगलुरु के लिए ये आसान नहीं होने वाला है। हालांकि, पडिक्कल और विराट कोहली की पारी ने ये कर दिखाया। बेंगलुरु ने 202 रनों के लक्ष्य को 4 विकेट के नुकसान पर 15.4 ओवरों में हासिल कर लिया। गत विजेता ने हैदराबाद के खिलाफ पहला मुकाबला जीतकर दिखाया कि वे ट्रॉफी डिफेंड करने के लिए तैयार हैं। 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बेंगलुरु को पहला झटका फिल सॉल्ट के रूप में 9 रनों के स्कोर पर लगा। हालांकि, तीसरे नंबर बल्लेबाज करने के लिए आए देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बैटिंग की। उन्होंने 26 गेंदों पर 61 रनों की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। पडिक्कल के अलावा विराट कोहली ने भी अर्धशतक लगाया। उन्होंने 38 गेंदों पर नाबाद 69 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के लगाए। कोहली और पडिक्कल के अलावा कप्तान रजत पाटीदार ने भी अहम योगदान दिया। उन्होंने 12 गेंदों पर तेज तर्रार 31 रनों की पारी खेली और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इससे पहले बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही, लेकिन बाद में ईशान किशन और अनिकेत वर्मा की उपयोगी पारियों की बदौलत टीम ने वापसी की। निर्धारित 20 ओवर में हैदराबाद ने नौ विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए और आरसीबी के सामने 202 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। हैदराबाद ने तीसरे ओवर में पहला विकेट गंवाया। जैकब डफी की शॉर्ट पिच गेंद पर अभिषेक शर्मा पुल शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद हवा में खड़ी हो गई। विकेटकीपर जितेश शर्मा ने पीछे की ओर दौड़ते हुए शानदार कैच लपका। अभिषेक आठ गेंदों पर सात रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ट्रेविस हेड भी लय में नहीं दिखे। उन्होंने नौ गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाए, लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सके। हैदराबाद को तीसरा झटका नीतिश कुमार रेड्डी के रूप में लगा, जो सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लगातार गिरते विकेटों ने टीम की रनगति पर असर डाला। पैट कमिंस की अनुपस्थिति में कप्तानी कर रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने टीम की पारी को संभाला। उन्होंने हेनरिक क्लासेन के साथ मिलकर 53 गेंदों पर 97 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। ईशान ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर छह चौके और दो छक्कों की मदद से अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने टीम के लिए सबसे ज्यादा 80 रन बनाए और मध्यक्रम को स्थिरता दी। वहीं, क्लासेन ने भी उपयोगी योगदान दिया। उन्होंने 22 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए। आखिरी ओवरों में अनिकेत वर्मा ने तेज रन जुटाकर टीम को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि उन्हें 18वें ओवर में जीवनदान मिला, जब विराट कोहली ने उनका कैच छोड़ दिया। उन्होंने 18 गेंदों पर तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। बाद में रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर कोहली ने ही उनका कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया। आरसीबी के गेंदबाजों में जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड सबसे सफल रहे। डफी ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि रोमारियो शेफर्ड चार ओवर में 54 रन देकर तीन विकेट लिए। इसके अलावा सुयश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार और अभिनंदन सिंह को एक-एक सफलता मिली, जबकि क्रुणाल पांड्या विकेट लेने में सफल नहीं हो सके।

#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा खबरें

Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here