मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद में जिला प्रशासन तथा मेरठ और सहारनपुर मंडल के पुलिस अधिकारियों के साथ आगामी श्रावण मास में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। सीएम योगी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पहले सभी संबंधित विभाग अपनी तैयारियां पूर्ण कर लें। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। समय रहते अफवाहों का प्रभावी खंडन भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि संपूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाए तथा सुरक्षा एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीएम योगी ने कहा कि मेरठ एवं सहारनपुर के मंडलायुक्त कांवड़ यात्रा की तैयारियों की नियमित समीक्षा करें तथा पुलिस एवं जिला प्रशासन दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा एवं उत्तराखंड सहित संबंधित राज्यों के साथ सतत समन्वय और सूचनाओं का आदान-प्रदान बनाए रखें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक निर्माण विभाग एवं सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों को समय से पहले गड्ढामुक्त किया जाए तथा झाड़ियों और कूड़ा आदि की पूरी सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों के लिए बनाए गए शिविरों में स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, ताजा एवं सात्विक भोजन, शौचालय, पेयजल एवं बिजली की समुचित व्यवस्था हो। कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस एवं शराब की सभी दुकानें बंद रहें तथा इसकी प्रभावी निगरानी की जाए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि डीजे की आवाज एवं कांवड़ की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही हो। इसके लिए डीजे संचालकों, कांवड़ निर्माताओं एवं कांवड़ संघों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया जाए।
News Source : Social Media
Image Source : X @CMOfficeUP
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



