मीडिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोलकाता में रविवार को भारतीय बल्लेबाजों ने रनों की होली खेली। संजू सैमसन (97) ने अपनी पारी से भारत को जीत का गुलाल लगाया। टूर्नामेंट में ज्यादातर समय बेंच पर बैठने वाले संजू सैमसन ने वर्चुअल क्वार्टरफाइनल जैसे अहम मुकाबले में मैच विनिंग पारी खेली। ऐसे में भारत ने सुपर-8 के अपने आखिरी मैच में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में 5 मार्च को भारत का सामना इंग्लैंड से होगा। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबले की बात करे तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए थे। 196 रन के टारगेट को टीम इंडिया ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर चेज कर लिया। भारत की जीत के हीरो भी संजू सैमसन रहे। वहीं हार के साथ वेस्टइंडीज का सफर समाप्त हो गया है। 196 रन टी20 विश्व कप में भारत का हाइएस्ट रन चेज है। मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज को तगड़ी शुरुआत मिली। शाई होप और रोस्टन चेज की नई ओपनिंग जोड़ी ने पावरप्ले में कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 53 गेंदों पर 68 रन की साझेदारी हुई। वरुण चक्रवर्ती ने इस होप (32) को बोल्ड कर इस पार्टनरशिप को तोड़ा। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने 12वें ओवर में वेस्टइंडीज को 2 झटके दिए। ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने शिमरोन हेटमायर और 5वीं गेंद पर रोस्टन चेज को पवेलियन भेज दिया। चेज ने 25 गेंदों पर 40 रन की तूफानी पारी खेली तो हेटमायर ने 12 गेंदों पर 27 रन कूट दिए। चेज को 5वें ओवर में एक जीवनदान मिला। अभिषेक शर्मा ने उनका आसान कैच छोड़ दिया। ड्रिंक्स ब्रेक के बाद 15वें ओवर की पहली गेंद पर हार्दिक पांड्या ने शेरफेन रदरफोर्ड (14) का शिकार किया। इसके बाद भारतीय गेंदबाज कोई विकेट नहीं ले पाए। रोवमैन पॉवेल 19 गेंदों पर 34 तो जेसन होल्डर 22 गेंदों पर 37 रन बनाकर नाबाद रहे।
मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 196 रन चेज करने उतरी भारत की शुरुआत खराब रही। बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन कैच आउट हुए। अभिषेक ने 2 चौकों की मदद से 11 गेंदों पर 10 रन बनाए। वहीं ईशान ने 6 गेंदों पर 10 रन की पारी खेली। 4 नंबर पर उतरे कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ओपनर संजू सैमसन का साथ दिया। संजू ने इस दौरान खुलकर बल्लेबाजी की और हर तरफ शॉट लगाए। वह फील्ड को अच्छे से खेल रहे थे। उन्होंने गैप को आसानी से खेला और कुछ दर्शनीय चौके भी जड़े। संजू सैमसन ने 26 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। 10 ओवर के बार भारतीय टीम का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 98 रन था। भारत को अगले 10 ओवर में जीत के लिए 98 रन चाहिए थे। 11वें ओवर में कप्तान सूर्यकुमार यादव अपना विकेट गंवा बैठे। भारतीय कप्तान ने 16 गेंदों पर 18 रन की धीमी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 1 चौका और 1 छक्का जड़ा। सूर्या और संजू के बीच 35 गेंदों पर 58 रनों की साझेदारी हुई। विकेट का दबाव साफ नजर आया। 11वें और 12वें ओवर में 3-3 रन बने। इसके बाद तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने कुछ अच्छे शॉट लगाए। 13वें ओवर में भारत ने 17 रन बटोरे। ड्रिंक्स ब्रेक के बाद भारतीय टीम को चौथा झटका लगा। 15वें ओवर की चौथी गेंद पर तिलक वर्मा कैच आउट हुए। तिलक ने 15 गेंदों पर 27 रन बनाए। जेसन होल्डर की गेंद पर शिमरोन हेटमायर ने उनका कैच लपका। संजू और तिलक के बीच 26 गेंदों पर 42 रन की पार्टनरशिप हुई। हार्दिक पांड्या 17 रन ही बना सके। संजू सैमसन ने 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 4 छक्के लगाए। शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट की शुरुआत में संजू बेंच पर बैठे थे। अभिषेक और ईशान पारी की शुरुआत कर रहे थे। अभिषेक के बीमार होने पर नामीबिया के खिलाफ संजू को मौका मिला और इसके बाद वह बाहर हो गए। साउथ अफ्रीका से सुपर-8 का पहला मै हारने के बाद भारतीय प्लेइंग 11 में बड़े बदलाव हुए। जिम्बाब्वे के खिलाफ संजू और अभिषेक ने पारी की शुरुआत की तो ईशान को 3 नंबर पर भेजा गया। वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मैच में संजू ने मैच विनिंग पारी खेलकर टीम मैनेजमेंट के फैसले को सही साबित कर दिया। भारत की ओर से शिवम दुबे ने 4 गेंदों पर 8* रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 चौके लगाए।
#dailyaawaz #newswebsite #news #newsupdate #hindinews #breakingnews #headlines #headline #newsblog #hindisamachar #latestnewsinhindi
Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें



